– राजधानी की रफ्तार थमी, कई प्रमुख मार्गों पर लगा भीषण जाम
नई दिल्ली। राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी किए जाने के चलते 16 मेट्रो स्टेशनों को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। इसके चलते दिल्ली की यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई और कई प्रमुख सड़कों पर लंबा जाम लग गया। हजारों यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मेट्रो स्टेशन बंद होने के बाद बड़ी संख्या में लोग सड़क मार्ग का सहारा लेने लगे, जिससे आईटीओ, बारापुला कॉरिडोर, डीएनडी फ्लाईवे, करोल बाग, धौला कुआं समेत कई प्रमुख इलाकों में वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। कई स्थानों पर यातायात बेहद धीमी गति से चलता रहा।
दिल्ली से सटे नोएडा-दिल्ली बॉर्डर पर भी भारी जाम की स्थिति बनी रही। दफ्तर जाने वाले कर्मचारियों, छात्रों और अन्य यात्रियों को घंटों तक ट्रैफिक में फंसे रहना पड़ा। ट्रैफिक पुलिस लगातार यातायात को सुचारु बनाए रखने के प्रयास में जुटी रही, लेकिन वाहनों का दबाव अधिक होने से स्थिति सामान्य होने में समय लगा।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि आवश्यक होने पर ही यात्रा करें, घर से निकलने से पहले ट्रैफिक और मेट्रो सेवाओं की ताजा जानकारी अवश्य लें तथा वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें। सुरक्षा एजेंसियां हालात पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।


