लखीमपुर खीरी। जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन टीम ने लगातार तीसरी बड़ी कार्रवाई करते हुए अलग-अलग सरकारी विभागों में तैनात तीन कर्मचारियों को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। ताजा कार्रवाई जिला पंचायत राज अधिकारी कार्यालय में हुई, जहां तैनात बाबू रेखा मिश्रा को कथित तौर पर 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया।
जानकारी के अनुसार, रेखा मिश्रा पर सफाईकर्मी की बहाली के नाम पर रिश्वत मांगने का आरोप था। शिकायत मिलने के बाद एंटी करप्शन टीम ने जाल बिछाया और तय रकम लेते समय उन्हें गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद टीम आरोपी को पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई और आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी।
इससे पहले भी जिले में दुधवा बफर जोन और लोक निर्माण विभाग निर्माण खंड-1 में तैनात कर्मचारियों के खिलाफ रिश्वतखोरी के मामलों में एंटी करप्शन टीम कार्रवाई कर चुकी है। लगातार तीन विभागों में हुई कार्रवाई से सरकारी कार्यालयों में हड़कंप मच गया है।
पीड़ितों ने दावा किया है कि कई मामलों में अधिकारियों की ओर से उन्हें बाबुओं से संपर्क करने की सलाह दी जाती थी। उनका आरोप है कि बिना रिश्वत दिए काम नहीं हो रहा था और इसी मजबूरी में उन्हें शिकायत करनी पड़ी।
लगातार हो रही इन गिरफ्तारियों ने सरकारी दफ्तरों में व्याप्त भ्रष्टाचार पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं एंटी करप्शन विभाग ने संकेत दिए हैं कि रिश्वतखोरी की शिकायतों पर आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


