फर्रुखाबाद। थाना कादरी गेट क्षेत्र के अंतर्गत पांचाल घाट स्थित दुर्वासा ऋषि आश्रम के पास एक निर्माणाधीन भवन में मंगलवार सुबह एक अज्ञात महिला का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। वहीं, मृतका के साथ रह रही दूसरी महिला और एक पुरुष संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हो गए, जिससे मामला और भी रहस्यमय हो गया है।
जानकारी के अनुसार पांचाल घाट स्थित बांध पर बने दुर्वासा ऋषि आश्रम से कुछ दूरी पर एक निर्माणाधीन भवन है। स्थानीय लोगों के मुताबिक इस भवन में कबाड़ बीनकर जीवनयापन करने वाले लोग अस्थायी रूप से रहते थे। बताया जा रहा है कि वहां दो महिलाएं और एक पुरुष साथ रह रहे थे।
मंगलवार सुबह निर्माणाधीन भवन के भीतर एक महिला मृत अवस्था में पड़ी मिली। इसकी जानकारी मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया और लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। सूचना पर पांचाल घाट चौकी प्रभारी हरिकेश पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस ने मौके पर मौजूद दूसरी महिला से पूछताछ की तथा उसके साथ रहने वाले पुरुष के बारे में जानकारी मांगी। इस पर महिला ने पुलिस से कहा कि वह उसे बुलाकर लाती है। इसके बाद वह वहां से निकली, लेकिन वापस नहीं लौटी और फरार हो गई। उसके गायब होने के बाद पुलिस को मामला संदिग्ध प्रतीत हुआ।
समाचार लिखे जाने तक मृतक महिला की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस शव की शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है और फरार महिला तथा उसके साथ रहने वाले पुरुष की तलाश में जुटी हुई है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा घटना के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।
पांचाल घाट स्थित निर्माणाधीन भवन में महिला का शव मिलने से सनसनी, साथ रह रही दूसरी महिला और पुरुष लापता


