– राहुल गांधी और खरगे ने पीएम मोदी को लिखा पत्र
– चढ़ावे और खातों की जानकारी सार्वजनिक करने तथा दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग
नई दिल्ली। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गाँधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पत्र लिखकर श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के वित्तीय मामलों की स्वतंत्र जांच कराने की मांग की है।
पत्र में दोनों नेताओं ने ट्रस्ट को प्राप्त चढ़ावे और अन्य वित्तीय लेनदेन से जुड़े खातों की जानकारी सार्वजनिक करने की मांग की है। उनका कहना है कि श्रद्धालुओं के विश्वास को बनाए रखने के लिए वित्तीय पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जानी चाहिए।
राहुल गांधी और खरगे ने पत्र में आग्रह किया है कि यदि किसी प्रकार की वित्तीय अनियमितता या गड़बड़ी सामने आती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच से आम लोगों का विश्वास और मजबूत होगा।
उल्लेखनीय है कि राम मंदिर ट्रस्ट से जुड़े वित्तीय मामलों को लेकर पहले से जांच और राजनीतिक बहस जारी है। ट्रस्ट की ओर से पूर्व में आरोपों से इनकार किया गया है और कहा गया है कि जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद सभी तथ्यों को सार्वजनिक किया जाएगा।


