– 120 विद्यार्थियों को बांटी कैप
– कंपोजिट विद्यालय गोपालपुर बना मिसाल
राजेपुर (फर्रुखाबाद)। विकासखंड राजेपुर के कंपोजिट विद्यालय गोपालपुर में शिक्षा के साथ-साथ बच्चों की सुरक्षा और सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए एक सराहनीय पहल की गई। विद्यालय की प्रधानाध्यापिका रीना पांडे ने भीषण गर्मी और तेज धूप को देखते हुए लगभग 120 विद्यार्थियों को अपने निजी सहयोग से कैप (टोपी) वितरित कीं, ताकि दूर-दराज से पैदल आने वाले बच्चों को धूप से राहत मिल सके।
प्रधानाध्यापिका रीना पांडे ने बताया कि विद्यालय के कई बच्चे करीब डेढ़ किलोमीटर दूर से पैदल पढ़ने आते हैं। ऐसे में तेज धूप से उनकी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उन्होंने यह पहल की। इससे पहले भी नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत में उन्होंने बच्चों को स्कूल बैग उपलब्ध कराए थे।
विद्यालय में केवल भौतिक सुविधाओं पर ही नहीं, बल्कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। प्रधानाध्यापिका रीना पांडे के नेतृत्व में सहायक अध्यापक अमरेश सिंह, राकेश बाबू, रजनीश और प्रवीण अग्निहोत्री बच्चों के शैक्षिक स्तर को बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।
विद्यालय में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के उद्देश्य से नियमित प्रार्थना सभा, गुणवत्तापूर्ण पठन-पाठन, खेलकूद, योग, सांस्कृतिक गतिविधियां और नवाचारी शिक्षण विधियों का संचालन किया जा रहा है। शिक्षक गतिविधि आधारित और समूह आधारित शिक्षण पद्धति अपनाकर बच्चों की सीखने की क्षमता और विद्यालय में रुचि बढ़ाने का प्रयास कर रहे हैं।
विद्यालय प्रबंधन का कहना है कि इन प्रयासों का सकारात्मक असर बच्चों की उपस्थिति, अधिगम स्तर और आत्मविश्वास पर साफ दिखाई दे रहा है। साथ ही विद्यालय को स्वच्छ, सुरक्षित और आनंददायक शिक्षण केंद्र बनाने की दिशा में भी लगातार कार्य किया जा रहा है।
इस अभियान में अभिभावकों और विद्यालय प्रबंधन समिति का भी सक्रिय सहयोग मिल रहा है, जिससे विद्यालय शैक्षिक गुणवत्ता और नवाचार के क्षेत्र में नई पहचान बना रहा है।


