– किसान संगठनों की मौजूदगी में बनी सहमति
– फिलहाल रुकेगा विवादित जमीन पर हर काम
फर्रुखाबाद। नवाबगंज थाना क्षेत्र के चांदपुर रोड स्थित एक विवादित भूमि को लेकर मंगलवार को उस समय माहौल गर्मा गया, जब दोनों पक्ष अपने-अपने समर्थकों और किसान संगठनों के पदाधिकारियों के साथ थाने पहुंच गए। पुलिस की मौजूदगी में घंटों चली वार्ता के बाद यह सहमति बनी कि जब तक सक्षम न्यायालय या राजस्व विभाग इस मामले में अंतिम फैसला नहीं देता, तब तक विवादित भूमि पर कोई भी पक्ष किसी प्रकार का कार्य नहीं करेगा।
जानकारी के अनुसार, चांदपुर रोड स्थित भूमि पर नगला जोधा निवासी किशनपाल और बरतल निवासी सावित्री देवी, जो वर्तमान में चांदपुर रोड पर रहती हैं, दोनों अपना-अपना स्वामित्व दावा कर रहे हैं। मंगलवार को सावित्री देवी की ओर से विवादित भूमि पर ट्रैक्टर से जुताई कराई गई। इसकी जानकारी मिलते ही किशनपाल ऑल इंडिया किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष कमलेश राजपूत और अन्य कार्यकर्ताओं के साथ नवाबगंज थाने पहुंचे तथा पूरे मामले की शिकायत क्राइम प्रभारी निरीक्षक जगमोहन पाल से की।
कुछ ही देर बाद दूसरे पक्ष की ओर से भारतीय किसान यूनियन (टिकैत गुट) के जिलाध्यक्ष अजय कटियार अपने समर्थकों के साथ थाने पहुंचे। वहीं भारतीय किसान यूनियन स्वराज गुट के कार्यवाहक प्रदेश अध्यक्ष प्रमोद मिश्रा भी थाने पहुंचे। दोनों पक्षों की मौजूदगी में पुलिस ने शांति बनाए रखते हुए विस्तृत वार्ता कराई।
बैठक के दौरान सभी पक्ष इस बात पर सहमत हुए कि जब तक राजस्व विभाग अथवा सक्षम न्यायालय भूमि स्वामित्व को लेकर अंतिम निर्णय नहीं दे देता, तब तक कोई भी पक्ष विवादित भूमि पर जुताई, निर्माण या किसी भी प्रकार की गतिविधि नहीं करेगा।
क्राइम प्रभारी निरीक्षक जगमोहन पाल ने बताया कि यह मामला राजस्व विभाग के विचाराधीन है। इसलिए अंतिम निर्णय आने तक यथास्थिति बनाए रखी जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कोई भी व्यक्ति कानून को अपने हाथ में लेने या विवादित भूमि पर जबरन कब्जा अथवा कार्य करने का प्रयास करेगा तो उसके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


