39.1 C
Lucknow
Monday, July 13, 2026

कानपुर में भीषण सड़क हादसा, ट्रक और स्कॉर्पियो की टक्कर में तीन की मौत, सीएम योगी ने लिया संज्ञान

Must read

कानपुर: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Chief Minister Yogi Adityanath) ने कानपुर (Kanpur) के महाराजपुर क्षेत्र में सोमवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे का संज्ञान लिया है। मुख्यमंत्री ने हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने अधिकारियों को घायलों का समुचित उपचार सुनिश्चित कराने, मृतकों के परिजनों से संवाद कर हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं, साथ ही घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।

महाराजपुर थाना क्षेत्र के रूमा फ्लाईओवर के पास सोमवार सुबह करीब 6 बजे कानपुर-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो हाईवे किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए और वाहन में सवार लोगों के बीच चीख-पुकार मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे में स्कॉर्पियो सवार एक युवक, एक किशोर और एक किशोरी की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही महाराजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को वाहन से बाहर निकालकर कांशीराम अस्पताल, रामादेवी भेजा. प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सभी को एलएलआर (हैलट) अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस को शवों को बाहर निकालने के लिए स्कॉर्पियो की सीटें काटनी पड़ीं। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया, पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

महाराजपुर थाना प्रभारी जनार्दन सिंह ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो हरियाणा नंबर की है। मृतकों और घायलों की पहचान तथा उनके पते की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और वाहन के अनियंत्रित होकर ट्रक से टकराने को हादसे की वजह माना जा रहा है।

 

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article