कायमगंज। कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला गंगा दरवाजा स्थित शिवाला मंदिर के पास दहेज की मांग को लेकर एक विवाहिता पर धारदार हथियार से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। गंभीर रूप से घायल महिला को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता ने कोतवाली पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि उसकी शादी करीब दो वर्ष पूर्व हुई थी। विवाह के समय मायके पक्ष ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार दहेज दिया था, लेकिन शादी के बाद से ही पति, ननद, जेठ और जेठानी अतिरिक्त दहेज के रूप में चार पहिया वाहन और नकदी की मांग करने लगे। मांग पूरी न होने पर उसे लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था।
आरोप है कि शनिवार रात पति समेत ससुराल पक्ष के लोगों ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए बेरहमी से मारपीट की। इसी दौरान पति ने धारदार हथियार से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। महिला ने किसी तरह अपने मायके पक्ष को फोन कर घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे और घायल विवाहिता को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कायमगंज ले गए। घटना की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घायल का चिकित्सीय परीक्षण कराया। पीड़िता के परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला ने बताया कि मामले में तहरीर प्राप्त हुई है। चिकित्सीय परीक्षण रिपोर्ट और जांच के आधार पर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच कर रही है।


