37.5 C
Lucknow
Sunday, July 12, 2026

पहले सेटल हो जाऊं, फिर करूंगा शादी…

Must read

-मां से यही थी आर्यन की आखिरी बात, इंजीनियर बेटे का शव आते ही परिजनों के चीत्कार से दहले दिल

कायमगंज/फर्रुखाबाद

नगर के मोहल्ला कूंचा निवासी 23 वर्षीय आर्यन प्रजापति की नोएडा में नाले में गिरने से हुई मौत के बाद शुक्रवार देर रात करीब नौ बजे उसका शव घर पहुंचा। एंबुलेंस जैसे ही घर के बाहर रुकी, वहां मौजूद परिजनों का सब्र जवाब दे गया। जवान बेटे का शव देखते ही मां रानी और दादी जलदेवी व अन्य परिजन बिलख पड़ीं। घर के भीतर से उठ रही चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग भी पहुंच गए। देखते ही देखते घर के बाहर लोगों की भीड़ जुट गई। हर कोई परिवार को ढांढस बंधाने की कोशिश करता रहा, लेकिन मां का विलाप सुन वहां मौजूद लोगों की आंखें भी भर आईं। घर में पूरी रात मातम पसरा रहा। रिश्तेदार और शुभचिंतक परिजनों को संभालते रहे।शनिवार सुबह करीब सात बजे परिजन आर्यन की अंतिम यात्रा लेकर कुंडा श्मशान घाट पहुंचे, जहां नम आंखों से उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया। मां रानी ने बताया कि बुधवार रात उसकी आर्यन से आखिरी बार फोन पर बात हुई थी। पहले हालचाल और खाने-पीने की जानकारी ली। इसके बाद शादी की बात छेड़ी तो आर्यन ने हमेशा की तरह कहा, अभी पूरी तरह सेटल नहीं हुआ हूं, उसके बाद ही शादी करूंगा। मां को क्या पता था कि बेटे से हुई यही बातचीत आखिरी साबित होगी। रानी ने बताया कि करीब पांच वर्ष पहले बीमारी के चलते पति संजय प्रजापति का निधन हो गया था। पति के जाने के बाद इकलौते बेटा ही उनकी जिंदगी का एकमात्र सहारा था। बेटे को पढ़ा-लिखाकर अच्छी नौकरी दिलाने के लिए उन्होंने नगर के एक निजी चिकित्सालय में नौकरी कर दिन-रात मेहनत की। आर्यन ने भी मां की मेहनत को व्यर्थ नहीं जाने दिया। बीटेक की पढ़ाई पूरी करने के बाद वह नोएडा की एक निजी कंपनी में सोलर पैनल और इन्वर्टर निर्माण इकाई में इंजीनियर के पद पर कार्यरत था।
परिवार को उम्मीद थी कि अब संघर्ष के दिन पीछे छूट जाएंगे और जल्द ही घर में खुशियां लौटेंगी, लेकिन एक हादसे ने सब कुछ छीन लिया। इकलौते बेटे की असमय मौत से मां रानी का रो-रोकर बुरा हाल है। उनकी आंखों के आंसू जैसे थमने का नाम नहीं ले रहे। वह बार बार बेटे को याद कर चीख पड़ती हैं। मोहल्ले में भी पूरे दिन शोक का माहौल बना रहा और लोग परिवार को सांत्वना देने पहुंचते रहे।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article