कायमगंज/फर्रुखाबाद। पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने और हरित भविष्य की नींव मजबूत करने के उद्देश्य से संचालित “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत रविवार को विकासखंड कायमगंज की ग्राम पंचायत सिनौली के गांव भज्जी नगला में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, होमगार्ड विभाग के अधिकारियों तथा ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और विभिन्न प्रजातियों के छायादार एवं फलदार पौधों का रोपण किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख अनुराधा दुबे एवं जिला कमांडेंट धीरेंद्र नाथ सिंह ने पौधारोपण कर किया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने पौधों के संरक्षण और अधिक से अधिक वृक्ष लगाने का संकल्प भी लिया।
ब्लॉक प्रमुख अनुराधा दुबे ने कहा कि वृक्ष प्रकृति का अमूल्य उपहार हैं। ये न केवल पर्यावरण संतुलन बनाए रखते हैं, बल्कि मानव जीवन के लिए स्वच्छ हवा, शुद्ध वातावरण और सुरक्षित भविष्य भी सुनिश्चित करते हैं। उन्होंने सभी से अपनी मां के सम्मान में कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल करने का आह्वान किया।
जिला कमांडेंट धीरेंद्र नाथ सिंह ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण आवश्यक है। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति एक पौधा लगाकर उसका संरक्षण करे तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और हरित वातावरण मिल सकेगा।
इस अवसर पर एडीसी सुभाष चंद्र यादव, बीओ बांकेलाल वर्मा, एसीसी इंद्र कुमार मिश्रा, पीसी हंसराम दुबे सहित श्याम सिंह, हरिवीर सिंह, विजय सिंह, दर्शन सिंह, दीपक, रामवीर यादव तथा होमगार्ड विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत हुआ वृहद वृक्षारोपण, ब्लॉक प्रमुख अनुराधा दुबे ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश


