बरेली: बरेली में मीरगंज थाना क्षेत्र के ग्राम सैजना में कथित तौर पर धर्म परिवर्तन (religious conversion) कराने की कोशिश के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी पर लोगों को प्रलोभन देकर ईसाई धर्म (Christianity) अपनाने के लिए प्रेरित करने और हिंदू धर्म के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप है।
पुलिस के मुताबिक 9 जुलाई को ग्राम सैजना निवासी अंकित की तहरीर पर प्रेमपाल (51), निवासी ग्राम भुडासी, थाना शीशगढ़ के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। शिकायत में आरोप लगाया गया कि आरोपी ने गजेन्द्र के घर पर सभा आयोजित कर लोगों को ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित किया, धार्मिक प्रचार सामग्री वितरित की और विभिन्न प्रकार के प्रलोभन दिए।
पुलिस ने बताया कि विवेचना के दौरान 10 जुलाई को मुखबिर की सूचना पर नगरिया सादात फाटक के सामने अंडरपास के पास से आरोपी प्रेमपाल को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से 6 धार्मिक पुस्तकें, एक हस्तलिखित नोटबुक और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने स्वयं को ईसाई धर्म का प्रचारक बताया और स्वीकार किया कि उसने 9 जुलाई को ग्राम सैजना में एक सभा आयोजित की थी, जिसमें कुछ लोग मौजूद थे। पुलिस का दावा है कि आरोपी ने बताया कि उसके प्रयासों के बावजूद किसी ने धर्म परिवर्तन नहीं किया और मुकदमा दर्ज होने की जानकारी मिलने के बाद वह वहां से निकलने की कोशिश कर रहा था।


