फर्रुखाबाद/कमालगंज: थाना कमालगंज क्षेत्र की खुदागंज चौकी अंतर्गत कतरौली पट्टी के पास स्थित एक खेत में गुरुवार को युवक का शव पेड़ से लटका मिला। शव कई दिन पुराना होने के कारण सड़ चुका था और चेहरा काला पड़ गया था। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई।
परिजनों ने आशंका जताई है कि युवक के शव पर तेजाब डाला गया है। उनका कहना है कि शव के आसपास की मिट्टी और पेड़ का तना भी काला पड़ा हुआ था। सूचना पर फॉरेंसिक टीम, थाना पुलिस व चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली की मदद से शव को पेड़ से नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान हरदोई जनपद निवासी के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि युवक अपनी बहन के यहां कमालगंज आया हुआ था और 29 जून को घर से निकला था। इसके बाद से वह लापता था।
थाना प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध लग रहा है। मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों व रिश्तेदारों की भीड़ जमा हो गई।


