बारिश के बाद बढ़े जलस्तर के बीच हुआ हादसा, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा; मामले की जांच शुरू
अमृतपुर (फर्रुखाबाद)
थाना क्षेत्र के खुशहाली नगला गांव में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसे में 60 वर्षीय वृद्ध की सोता नाला में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जानकारी के अनुसार, खुशहाली नगला निवासी बेचेलाल (60) पुत्र मोहनलाल सुबह अपनी भैंसों को चराने के लिए सोता नाला के किनारे गए थे। लगातार हो रही बारिश के कारण गंगा नदी का जलस्तर बढ़ने से सोता नाला भी उफान पर है। इसी दौरान भैंसें इधर-उधर चली गईं और काफी देर तक बेचेलाल के वापस न लौटने पर ग्रामीणों को अनहोनी की आशंका हुई।
ग्रामीणों ने इसकी सूचना परिजनों को दी। परिजनों और ग्रामीणों ने काफी देर तक तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। बाद में शक के आधार पर सोता नाला में खोजबीन की गई, जहां उनका शव पानी में मिला। शव मिलते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में मातम छा गया।
घटना की सूचना पर थाना प्रभारी दर्शन सिंह सोलंकी, हल्का प्रभारी उपनिरीक्षक कल्लू सिंह व अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। 108 एंबुलेंस की सहायता से वृद्ध को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद उपनिरीक्षक प्रताप सिंह ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक अपने पीछे पत्नी रजनी, पांच पुत्र मनोज, अनुज, सनोज, असंद्रा और दिलखुश व पुत्री सन्नो समेत चार पुत्रियों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। इनमें तीन पुत्रियों का विवाह हो चुका है। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।थाना प्रभारी दर्शन सिंह सोलंकी ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


