देहरादून। उत्तराखंड में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। पहाड़ से लेकर मैदान तक तेज बारिश के कारण भूस्खलन, जलभराव और सड़कें बंद होने जैसी समस्याएं सामने आई हैं। मौसम की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्रदेश के 10 जिलों में आज स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है।
पिछले 24 घंटों से जारी भारी बारिश के चलते पर्वतीय क्षेत्रों में कई स्थानों पर भूस्खलन हुआ है, जबकि मैदानी इलाकों में जलभराव से लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं।
बारिश के कारण प्रदेशभर में 107 सड़कें बंद हो गई हैं। लोक निर्माण विभाग और सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) की टीमें मलबा हटाकर मार्गों को जल्द से जल्द खोलने के प्रयास में लगी हैं। कई ग्रामीण क्षेत्रों का संपर्क भी प्रभावित हुआ है।
चारधाम यात्रा पर भी मौसम का असर पड़ा है। बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर कई स्थानों पर मलबा और पत्थर आने से यातायात प्रभावित हुआ है। प्रशासन ने यात्रियों से मौसम की जानकारी लेकर ही यात्रा करने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में अनावश्यक आवाजाही से बचने की अपील की है।
भारतीय मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। जिला प्रशासन को सतर्क रहने, आपदा प्रबंधन दलों को अलर्ट मोड पर रखने तथा संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने नागरिकों और यात्रियों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान नदी-नालों से दूर रहें, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में अनावश्यक आवागमन न करें तथा केवल प्रशासन और मौसम विभाग द्वारा जारी आधिकारिक सलाह का पालन करें।


