कंपिल: तमंचे के बल पर दंपति से नगदी, जेवर और मोबाइल लूटने की घटना के 24 घंटे बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर बदमाशों तक पहुंचने का प्रयास किया, लेकिन अभी तक कोई ठोस सफलता नहीं मिल सकी है। ऐसे में क्षेत्र में पुलिस की कार्यप्रणाली और हाईवे पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
बुधवार शाम कम्पिल-बदायूं मार्ग पर कारव मोड़ के पास चार बदमाशों ने बाइक सवार दंपति को रोककर तमंचे के बल पर करीब एक लाख रुपये के जेवर, 1500 रुपये की नकदी और मोबाइल लूट लिया था। विरोध करने पर बदमाशों ने उनकी तीन वर्षीय बेटी को छीन लिया और जान से मारने की धमकी देकर वारदात को अंजाम दिया। राहगीरों के पहुंचने पर आरोपी तमंचा लहराते हुए फरार हो गए थे। घटना के बाद पुलिस ने आसपास के संभावित रास्तों और चौराहों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। कई संदिग्ध गतिविधियों की भी पड़ताल की गई, लेकिन अब तक बदमाशों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस की टीमें लगातार जांच का दावा कर रही हैं, लेकिन वारदात के खुलासे में हो रही देरी से पीड़ित परिवार और क्षेत्र के लोगों में नाराजगी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कम्पिल-बदायूं मार्ग पर पहले भी आपराधिक घटनाएं हो चुकी हैं। इसके बावजूद रात्रि गश्त और पुलिस की सक्रियता अपेक्षित स्तर पर नजर नहीं आती। दिनदहाड़े और शाम के समय भी इस मार्ग पर लोग असुरक्षा महसूस कर रहे हैं।
थानाध्यक्ष नितिन चौधरी ने बताया कि घटना के संबंध में सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर बदमाशों की तलाश जारी है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।


