लखनऊ। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के जन्मदिन की पूर्व संध्या पर राजधानी लखनऊ स्थित सहकारिता भवन में ‘शिक्षक शौर्य दिवस’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले शिक्षकों को सम्मानित कर उनके कार्यों की सराहना की गई।
मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने शिक्षकों को सम्मानित करते हुए कहा कि शिक्षक समाज और राष्ट्र निर्माण की आधारशिला हैं। उन्होंने कहा कि एक सशक्त और शिक्षित समाज के निर्माण में शिक्षकों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है और उनके योगदान का सम्मान करना समाज का दायित्व है।
कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष नीरज सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि, शिक्षा जगत से जुड़े लोग और बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे। वक्ताओं ने कहा कि शिक्षकों का सम्मान केवल एक औपचारिकता नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है।
कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य और सफल सार्वजनिक जीवन की भी कामना की।


