लखनऊ के मड़ियांव थाना क्षेत्र के श्रीनगर में 4 वर्षीय अहम की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए बच्चे की मां के प्रेमी प्रशांत सिंह को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी प्रशांत सिंह ने पूछताछ में हत्या का जुर्म कबूल कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अहम देर रात तक जागता था, जिससे आरोपी और बच्चे की मां पूनम के बीच मुलाकात में बाधा आती थी। इसी बात से नाराज होकर प्रशांत ने कथित तौर पर बच्चे की घूंसों और करछी से पिटाई की, जिससे उसकी मौत हो गई।
जांच में यह भी सामने आया है कि पूनम अपने पति दिनेश से अलग रह रही थी और बेटे अहम के साथ मड़ियांव के श्रीनगर क्षेत्र में रहती थी। करीब आठ महीने पहले उसकी प्रशांत सिंह से इंस्टाग्राम के माध्यम से दोस्ती हुई थी, जो बाद में प्रेम संबंध में बदल गई।
पुलिस के अनुसार, मामले में मां पूनम की भूमिका की भी गहन जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। मामले ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है और स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश है।


