मथुरा। साइबर अपराध पर लगाम कसने के लिए मथुरा पुलिस ने मंगलवार तड़के बड़े पैमाने पर अभियान चलाते हुए चार थाना क्षेत्रों के 28 संदिग्ध ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। आठ क्षेत्राधिकारियों के नेतृत्व में 16 थानों की पुलिस, दो कंपनी पीएसी और करीब 300 पुलिसकर्मियों ने कोसीकलां, शेरगढ़, बरसाना और गोवर्धन क्षेत्र के गांवों की घेराबंदी कर कार्रवाई की। अभियान के दौरान 100 से अधिक संदिग्धों को हिरासत में लेकर उनके दस्तावेज, मोबाइल फोन, बैंक खातों और अन्य रिकॉर्ड का सत्यापन शुरू किया गया है।
एसएसपी श्लोक कुमार के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान में कोसीकलां के उटावड़, शेरगढ़ के जंघावली, बरसाना के हाथिया तथा गोवर्धन के देवरस गांव सहित 28 स्थानों पर एक साथ दबिश दी गई। पुलिस ने सुबह होने से पहले ही सभी प्रमुख मार्गों को सील कर संदिग्धों के भागने के रास्ते बंद कर दिए, जिससे पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
एसपी ग्रामीण सुरेश चंद रावत ने बताया कि साइबर ठगी के बढ़ते मामलों को देखते हुए विशेष अभियान चलाया गया है। हिरासत में लिए गए सभी संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है और उनके इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों व बैंक खातों की जांच की जा रही है। जांच में साइबर अपराध में संलिप्त पाए जाने वाले आरोपियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यह प्रदेश में साइबर ठगी के नेटवर्क पर अब तक की बड़ी पुलिस कार्रवाइयों में से एक मानी जा रही है।


