पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश, कार्यकर्ताओं ने राष्ट्र व समाज सेवा का लिया संकल्प
फर्रुखाबाद। अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद एवं राष्ट्रीय बजरंग दल के आठवें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में रविवार को जिले में भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से 51 पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा अधिक से अधिक लोगों से वृक्ष लगाने की अपील की।
कार्यक्रम का आयोजन अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष दिनेश सिंह राजपूत की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। उन्होंने बताया कि स्थापना दिवस के अवसर पर पूरे देश में विभिन्न सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में फर्रुखाबाद इकाई द्वारा वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है और प्रत्येक व्यक्ति को इस दिशा में अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
जिला अध्यक्ष विष्णु मिश्रा ने कहा कि बदलते पर्यावरण और बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए प्रत्येक नागरिक को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए। उन्होंने कहा कि वृक्ष न केवल जीवन के आधार हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की भी गारंटी हैं। यदि सभी लोग पौधरोपण को जनआंदोलन बना दें तो पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में बड़ी सफलता मिल सकती है।
राष्ट्रीय बजरंग दल के विभाग अध्यक्ष अंगद पांडे ‘कोमल’ ने कहा कि संगठन के संस्थापक डॉ. प्रवीण तोगड़िया की प्रेरणा और नीतियों के अनुरूप संगठन समाज, राष्ट्र एवं प्रकृति के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि संगठन का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्रहित और समाज सेवा के लिए पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करता है तथा युवाओं को सकारात्मक दिशा देने का प्रयास करता है।
नगर उपाध्यक्ष व्यापारी परिषद अजीत चौरसिया ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय बजरंग दल एवं अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद समाज कल्याण और राष्ट्र निर्माण के कार्यों के लिए सदैव प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से संगठन की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने और सेवा कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। पूरे आयोजन में “जय श्रीराम”, “वीर बजरंगी” और “हर-हर महादेव” के जयघोष गूंजते रहे। वृक्षारोपण के बाद सभी ने पौधों की देखभाल करने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय बजरंग दल के जिला उपाध्यक्ष सत्यम वर्मा, कार्याध्यक्ष कार्तिक शुक्ल, आलोक मिश्रा, नीरज यादव, नितेश शाक्य, आकाश, अनुज, विवेक, बबलू राजपूत, सूरज सैनी, पालू श्रीवास्तव, नीरज दुबे, ओम, निवास पाठक सहित संगठन के सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


