लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने राम मंदिर और हिंदू आस्था के मुद्दे पर विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि राम मंदिर करोड़ों लोगों की आस्था का प्रतीक है और इसकी पवित्रता से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जाएगा।
नितिन नवीन ने आरोप लगाया कि विपक्षी दलों ने वर्षों तक भगवान श्रीराम के अस्तित्व पर सवाल उठाए और राम मंदिर आंदोलन का विरोध किया। उन्होंने कहा कि कारसेवकों पर गोलियां चलवाई गईं, लेकिन रामभक्त पीछे नहीं हटे। उन्होंने कहा कि जब भी धर्म, संस्कृति और राष्ट्रहित की रक्षा की आवश्यकता होगी, कार्यकर्ता हर प्रकार का बलिदान देने के लिए तैयार रहेंगे।
बीजेपी अध्यक्ष ने अपने संबोधन में राहुल गांधी, अखिलेश यादव और अरविंद केजरीवाल पर भी निशाना साधते हुए कहा कि ये नेता जनता को गुमराह करने की राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि हिंदू समाज अब किसी के छलावे या भ्रम में आने वाला नहीं है और देश की जनता विकास, सांस्कृतिक विरासत तथा राष्ट्रहित के मुद्दों पर भाजपा के साथ खड़ी है।
उन्होंने कहा कि भाजपा की राजनीति राष्ट्रवाद, सांस्कृतिक गौरव और जनसेवा पर आधारित है तथा पार्टी राम मंदिर सहित देश की आस्था और विरासत से जुड़े हर विषय पर दृढ़ता के साथ खड़ी रहेगी।


