फर्रुखाबाद। जनपद में अवैध रूप से चिकित्सा व्यवसाय करने वालों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच कथित झोलाछाप चिकित्सकों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराई है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनंद उपाध्याय के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत नोटिस की अनदेखी करने वाले आरोपियों के खिलाफ 2 व 3 जुलाई को थाना राजेपुर और कादरीगेट में मुकदमा दर्ज कराया गया।
नोडल अधिकारी डॉ. आर.सी. माथुर ने बताया कि संबंधित लोगों को 20 जून को नोटिस जारी कर तीन दिन के भीतर वैध पंजीकरण संबंधी अभिलेख एवं अपना पक्ष प्रस्तुत करने का अवसर दिया गया था। निर्धारित समय के बाद भी किसी ने संतोषजनक जवाब या आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए। इसके बाद नियमानुसार कानूनी कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज कराई गई।
एफआईआर दर्ज किए गए लोगों में दुर्विजय सिंह (चांदपुर), गुड्डू यादव (अलीगढ़ चौराहा, राजेपुर), राजेश यादव (नीलकंठ पैथोलॉजी, बीएसएसडी पॉलीक्लिनिक), खलीक (लाइफ क्लीनिक, अमेठी रोड) तथा दुर्गेश कुमार (वैष्णव पॉलीक्लिनिक) शामिल हैं।
सीएमओ डॉ. आनंद उपाध्याय ने कहा कि बिना वैध पंजीकरण चिकित्सा व्यवसाय कर लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग की जीरो टॉलरेंस नीति जारी रहेगी। अवैध क्लीनिकों और झोलाछाप चिकित्सकों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार चलाया जाएगा।


