फर्रुखाबाद (मोहम्मदाबाद)। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम नगला बहादुर में दिनदहाड़े हुई चोरी की वारदात से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। चोर घर से सरसों, गेहूं, नकदी और जेवर चोरी कर फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। वहीं चोरी की वारदात से जुड़े संदिग्ध युवक सीसीटीवी कैमरे में कैद होने की बात सामने आई है।
पीड़ित अशोक कुमार पुत्र बाबू ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि वह 2 जुलाई 2026 की सुबह करीब 10 बजे बाजार गए थे। दोपहर लगभग 3 बजे घर लौटने पर उन्हें घर का सामान बिखरा मिला और जांच करने पर पता चला कि चोर 8 बोरी सरसों, 2 बोरी गेहूं, 22 हजार रुपये की नकदी तथा कान की एक टूटी बाली चोरी कर ले गए हैं।
घटना के बाद आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। पीड़ित के अनुसार गंगा सिंह पेट्रोल पंप पर लगे कैमरे में तीन युवक ई-रिक्शा से सामान ले जाते दिखाई दिए। उन्होंने दावा किया कि फुटेज में दिखाई दे रहे दो युवकों को वह पहचानते हैं, जबकि तीसरे की पहचान अभी नहीं हो सकी है।
वहीं शेखपुर निवासी अशोक कुमार ने पुलिस को बताया कि संबंधित युवक उसकी ई-रिक्शा किराए पर लेकर गए थे, जिससे जांच को अहम सुराग मिला है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मदन मोहन चतुर्वेदी ने बताया कि मामले में तहरीर प्राप्त हो गई है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है। संदिग्धों की पहचान कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।


