लखनऊ। कांग्रेस के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष अजय राय शुक्रवार को लखनऊ स्थित मेदांता अस्पताल पहुंचकर राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ संत महंत नृत्य गोपाल दास का हालचाल जानेंगे। महंत नृत्य गोपाल दास इन दिनों स्वास्थ्य संबंधी कारणों से मेदांता अस्पताल में भर्ती हैं, जहां उनका उपचार चल रहा है।
अजय राय अस्पताल पहुंचकर महंत नृत्य गोपाल दास के स्वास्थ्य की जानकारी लेंगे और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करेंगे। इस मुलाकात को राजनीतिक सीमाओं से परे मानवीय संवेदनाओं और संत समाज के प्रति सम्मान के रूप में देखा जा रहा है।
महंत नृत्य गोपाल दास राम जन्मभूमि आंदोलन के प्रमुख संतों में रहे हैं और वर्तमान में राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष हैं। उनके स्वास्थ्य को लेकर देशभर के संतों, श्रद्धालुओं और विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं की लगातार चिंता और शुभकामनाएं सामने आ रही हैं।


