39.6 C
Lucknow
Friday, July 3, 2026

शिकायत के बाद भी नहीं थमी धमकियां

Must read

सिपाही पर अवैध कारोबार व जान से मारने की धमकी के गंभीर आरोप

कायमगंज, फर्रुखाबाद। तहसील कायमगंज क्षेत्र के गांव खलवारा निवासी श्यामू पुत्र महेश चंद्र ने एक सप्ताह पूर्व पुलिस अधीक्षक आरती सिंह को शिकायती पत्र देकर कंपिल थाने में तैनात बताए जा रहे यूपी पुलिस के सिपाही अवनीश यादव पुत्र नरेश चंद्र, निवासी गांव नगला नक्शा, जनपद आगरा पर गंभीर आरोप लगाए थे। अब पीड़ित का कहना है कि शिकायत करने के बाद से उसे लगातार धमकियां मिल रही हैं, जिससे वह भय के साए में जीवन बिताने को मजबूर है।

पीड़ित के अनुसार आरोपी सिपाही लंबे समय से कायमगंज क्षेत्र के आसपास तैनाती कराकर कथित रूप से अवैध गुटखा कारोबार संचालित करता है। आरोप है कि मैनपुरी स्थित एक गेस्ट हाउस में नकली पान मसाला तैयार करने वाली मशीन पर उससे मजदूरी कराई गई, लेकिन तीन माह तक काम कराने के बाद मेहनताना नहीं दिया गया। जब उसने अपनी मजदूरी मांगी तो सिपाही ने कथित तौर पर जान से मारने और फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। पीड़ित का दावा है कि इस बातचीत की ऑडियो रिकॉर्डिंग भी उसके पास मौजूद है।

शिकायती पत्र में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपी सिपाही की पत्नी कायमगंज में एक रेस्टोरेंट का संचालन करती हैं और कथित अवैध कारोबार में सहयोग करती हैं। प्रार्थना पत्र में आरोपी सिपाही का पीएनओ नंबर 182263034 भी अंकित किया गया है।

श्यामू का आरोप है कि पुलिस अधीक्षक को शिकायत देने के बावजूद अभी तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उसका कहना है कि शिकायत के बाद आरोपी पक्ष की ओर से लगातार धमकियां दी जा रही हैं। पीड़ित ने यह भी गंभीर आरोप लगाया है कि आरोपी सिपाही कथित तौर पर कहता है कि वह “जिम्मेदार अधिकारियों तक महीना पहुंचाता है, उसका कुछ नहीं होगा और जांच में भी पैसा पहुंचा दिया है।” हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है और संबंधित पुलिस अधिकारियों की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

पीड़ित ने मुख्यमंत्री तथा पुलिस महानिदेशक को भी पत्र भेजकर मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने, स्वयं और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा आरोपी सिपाही को कायमगंज क्षेत्र से हटाकर कठोर कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। श्यामू का कहना है कि यदि उसके साथ कोई अप्रिय घटना होती है तो इसकी पूरी जिम्मेदारी आरोपी सिपाही की होगी।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article