40.9 C
Lucknow
Saturday, July 4, 2026

सपा के वरिष्ठ नेता राजेंद्र चौधरी की तबीयत बिगड़ी

Must read

 

अखिलेश यादव ने अस्पताल पहुंच डॉक्टरों से ली स्वास्थ्य की जानकारी

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के मुख्य प्रवक्ता, वरिष्ठ नेता और विधान परिषद सदस्य राजेंद्र चौधरी की शुक्रवार सुबह अचानक तबीयत बिगड़ने पर उन्हें राजधानी लखनऊ स्थित सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनकी सेहत खराब होने की सूचना मिलते ही समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव अस्पताल पहुंचे और डॉक्टरों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की विस्तृत जानकारी ली। इस दौरान पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता भी अस्पताल में मौजूद रहे।

राजेंद्र चौधरी समाजवादी पार्टी के सबसे अनुभवी नेताओं में गिने जाते हैं और लंबे समय से पार्टी की नीतियों, संगठनात्मक गतिविधियों तथा राजनीतिक रणनीतियों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहे हैं। उनकी तबीयत बिगड़ने की खबर मिलते ही पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में चिंता का माहौल बन गया। अस्पताल प्रशासन की ओर से उनका इलाज विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में किया जा रहा है।

राजेंद्र चौधरी समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के समय से संगठन की मजबूत कड़ी रहे हैं। वे वर्ष 2021 से उत्तर प्रदेश विधान परिषद के सदस्य हैं तथा वर्तमान में समाजवादी पार्टी के मुख्य प्रवक्ता होने के साथ-साथ उत्तराखंड के प्रदेश प्रभारी की जिम्मेदारी भी निभा रहे हैं। अपने राजनीतिक जीवन में उन्होंने वर्ष 2002 में मुलायम सिंह यादव सरकार में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री तथा वर्ष 2013 में अखिलेश यादव सरकार में कैबिनेट मंत्री के रूप में जेल, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति सहित कई महत्वपूर्ण विभागों का दायित्व संभाला था।

करीब पांच दशक लंबे राजनीतिक अनुभव वाले राजेंद्र चौधरी ने वर्ष 1978 में चौधरी चरण सिंह के नेतृत्व में सक्रिय राजनीति की शुरुआत की थी। संगठन में उनकी सक्रिय भूमिका और राजनीतिक अनुभव के कारण उन्हें समाजवादी पार्टी का प्रमुख रणनीतिकार माना जाता है। उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए पार्टी नेताओं और समर्थकों ने शुभकामनाएं दी हैं। अस्पताल प्रशासन के अनुसार उनकी हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है और आवश्यक चिकित्सकीय उपचार जारी है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article