नोएडा। कानून-व्यवस्था बनाए रखने और सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर हुड़दंग करने वालों के खिलाफ सेंट्रल नोएडा पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान के दौरान 124 लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।
यह अभियान संबंधित डीसीपी और एडीसीपी के नेतृत्व में संचालित किया गया। पुलिस टीमों ने सार्वजनिक स्थानों, बाजारों, पार्कों और अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाया तथा सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अभियान का उद्देश्य सार्वजनिक स्थलों पर अनुशासन बनाए रखना, महिलाओं और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी ऐसे विशेष अभियान लगातार जारी रहेंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


