36.3 C
Lucknow
Thursday, July 2, 2026

दिल्ली को दहलाने की साजिश नाकाम, आईएसआई समर्थित आतंकी नेटवर्क का भंडाफोड़; चार गिरफ्तार

Must read

 

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में बड़ी आतंकी वारदात को अंजाम देने की पाकिस्तान समर्थित साजिश को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने समय रहते नाकाम कर दिया। पुलिस ने अंतरराज्यीय अभियान चलाकर पंजाब और दिल्ली से चार संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया है। जांच एजेंसियों के अनुसार यह नेटवर्क पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के इशारे पर सक्रिय था और राजधानी में दहशत फैलाने की तैयारी कर रहा था।

गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से तुर्की निर्मित जिगाना पिस्टल समेत दो विदेशी पिस्टल, नौ कारतूस और पांच मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी पाकिस्तान में बैठे हैंडलर शाहजाद भट्टी के संपर्क में थे और उसके निर्देश पर काम कर रहे थे। दिल्ली पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता और आर्म्स एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच तेज कर दी है।

पुलिस के मुताबिक पंजाब के अमृतसर से गिरफ्तार शुभदीप सिंह उर्फ विशाल ड्रोन के जरिए पाकिस्तान से भेजे गए हथियार और मादक पदार्थों की खेप प्राप्त करता था। उसकी निशानदेही पर गुरजंत सिंह उर्फ ऋषि और साजन सिंह उर्फ हनी को भी गिरफ्तार किया गया। वहीं चौथे आरोपी गगनप्रीत को दिल्ली से दबोचा गया, जिसके मोबाइल फोन से कई आपत्तिजनक डिजिटल साक्ष्य मिले हैं।

जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि गगनप्रीत दिल्ली के पुलिस थानों, पुलिस चौकियों और प्रमुख धार्मिक स्थलों की रेकी कर उनके वीडियो पाकिस्तान भेज चुका था। उसे भीड़भाड़ वाले इलाके में ताबड़तोड़ फायरिंग कर दहशत फैलाने का टास्क दिया गया था। पुलिस अब आरोपियों के विदेशी संपर्क, फंडिंग नेटवर्क और संभावित सहयोगियों की तलाश में कई राज्यों में छापेमारी कर रही है।

सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि समय रहते की गई कार्रवाई से राजधानी में एक बड़ी आतंकी घटना टल गई। मामले की जांच राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे बढ़ाई जा रही है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article