35.2 C
Lucknow
Thursday, July 2, 2026

फैजबाग और आसपास के बाजारों में जलभराव से व्यापारियों में चिंता, बोले— नाला नहीं बना तो फिर दुकानों में घुसेगा बारिश का पानी

Must read

फर्रुखाबाद। मानसून की शुरुआत होते ही कस्बा फैजबाग और आसपास के बाजारों के दुकानदारों की चिंता एक बार फिर बढ़ गई है। वर्षों से जलनिकासी की समस्या झेल रहे व्यापारियों ने जिला प्रशासन से सड़क किनारे नाला निर्माण कराने की मांग दोहराई है। उनका कहना है कि यदि समय रहते बरसात के पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं की गई तो इस वर्ष भी बाजारों में जलभराव होगा और व्यापारियों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा।
व्यापारियों के अनुसार दिल्ली मार्ग स्थित कस्बा फैजबाग में सड़क के एक ओर तो नाले का निर्माण कराया गया है, लेकिन दूसरी ओर आज तक नाला नहीं बन सका। इतना ही नहीं, बने हुए नाले की नियमित सफाई भी नहीं होती, जिससे उसमें गाद और कूड़ा जमा हो जाता है। परिणामस्वरूप गांव की गलियों और आसपास के क्षेत्रों से आने वाला वर्षा का पानी नाले में जाने के बजाय सीधे सड़क पर बहता हुआ दुकानों और प्रतिष्ठानों में घुस जाता है।
दुकानदारों ने बताया कि पिछले वर्ष हुई बारिश के दौरान जलभराव से उन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ा था। कई दुकानों में रखा लाखों रुपये का सामान भीगकर खराब हो गया था। इसके बावजूद प्रशासन की ओर से स्थायी समाधान नहीं किया गया। अब जैसे ही बारिश का मौसम शुरू हुआ है, व्यापारियों की चिंता फिर बढ़ गई है।
फैजबाग बाजार के व्यापारी परमानंद गंगवार, सीतू अवस्थी, अंकित गंगवार, राहुल गंगवार, सुशील कुमार, विमल कुमार, उदयबीर, नितिन राजपूत सहित अनेक दुकानदारों ने बताया कि यदि नाला निर्माण और उसकी नियमित सफाई नहीं कराई गई तो इस वर्ष भी वही स्थिति दोहराई जाएगी। उनका कहना है कि जलभराव के कारण न केवल व्यापार प्रभावित होता है, बल्कि ग्राहकों का आना-जाना भी मुश्किल हो जाता है।
इसी प्रकार कायमगंज-फर्रुखाबाद मार्ग पर भी हर वर्ष बरसात के दौरान जलभराव की समस्या गंभीर रूप ले लेती है। यहां स्थित जितेंद्र कुमार, दुर्गेश कुमार, बबलू मिश्रा, अंकेश कुमार, अजय कुमार, विक्की भाई और टीकाराम गंगवार समेत कई व्यापारियों की दुकानों में पानी भर जाता है, जिससे आर्थिक नुकसान के साथ-साथ गंदगी और संक्रमण का खतरा भी बढ़ जाता है।
फैजबाग-शमसाबाद मार्ग पर चौराहे से पुलिस चौकी फैजबाग तक भी नाले का अभाव बना हुआ है। स्थानीय लोगों के अनुसार बारिश के समय पूरा मार्ग जलमग्न हो जाता है। दुकानदार अनुज अवस्थी, राजपाल, रामबीर, इस्लाम मंसूरी और अरविंद गंगवार ने बताया कि सड़क पर पानी भर जाने से राहगीरों और वाहन चालकों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई बार पुलिस चौकी तक जाने वाला मार्ग भी जलभराव की चपेट में आ जाता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हर वर्ष सड़कों का स्तर ऊंचा होता जा रहा है, जबकि दुकानों और मकानों का स्तर नीचे होता जा रहा है। यही कारण है कि बारिश का पानी सीधे दुकानों और घरों में प्रवेश कर जाता है। उनका आरोप है कि समस्या वर्षों पुरानी होने के बावजूद अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं किया गया।
व्यापारियों ने बताया कि पिछले वर्ष भी उन्होंने जिला प्रशासन को शिकायती पत्र देकर नाला निर्माण कराने की मांग की थी, लेकिन आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। अब एक बार फिर मानसून शुरू होने पर उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि जलनिकासी के लिए शीघ्र नाला निर्माण कराया जाए तथा पुराने नालों की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए, ताकि बाजारों को जलभराव से बचाया जा सके और व्यापारियों को हर वर्ष होने वाले नुकसान से राहत मिल सके।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article