जम्मू। जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में बुधवार को बादल फटने और मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचा दी। जिले के भलेसा क्षेत्र के खलजुगासर इलाके में बादल फटने के बाद अचानक आई बाढ़ और मलबे ने खेतों, बाग-बगीचों तथा निजी संपत्तियों को व्यापक नुकसान पहुंचाया। कई संपर्क मार्ग बंद होने से भट्यास क्षेत्र घंटों तक बाकी इलाकों से कटा रहा, जिससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
प्राकृतिक आपदा के बाद पहाड़ियों से आए तेज पानी और मलबे ने कृषि भूमि को अपनी चपेट में ले लिया। किसानों की खड़ी फसलें और फलदार बाग-बगीचे बर्बाद हो गए, जबकि कई मकानों और अन्य निजी संपत्तियों को भी नुकसान पहुंचा है। भारी बारिश के कारण जल स्रोत उफान पर आ गए, जिससे निचले इलाकों में जलभराव और मिट्टी का कटाव बढ़ गया। कई प्रमुख सड़कें मलबे से पट गईं, जिसके चलते यातायात पूरी तरह बाधित हो गया और आवश्यक सेवाओं की आवाजाही भी प्रभावित हुई।
इधर, डोडा के कश्तीगढ़ क्षेत्र में भी मूसलाधार बारिश के कारण अचानक बाढ़ जैसे हालात बन गए। हालांकि प्रशासन के अनुसार अब तक किसी जनहानि की सूचना नहीं मिली है। जिला प्रशासन, पुलिस और राहत एजेंसियां प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी बनाए हुए हैं तथा सड़कों से मलबा हटाने के लिए जेसीबी और अन्य मशीनों की मदद से युद्धस्तर पर अभियान चलाया जा रहा है।
- मौसम विभाग ने पहाड़ी क्षेत्रों में अगले कुछ समय तक भारी बारिश की संभावना जताते हुए लोगों को नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी है। प्रशासन ने भी लोगों से सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल स्थानीय प्रशासन को सूचना देने की अपील की है।


