राजभर ने बधाई के साथ कसा तंज
लखनऊ। प्रदेश की राजनीति में बुधवार को सियासी प्रतिद्वंद्विता के बीच शालीनता और तीखे तंज दोनों देखने को मिले। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के जन्मदिन पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए प्रभु श्रीराम से उनके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की प्रार्थना की। वहीं प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने जन्मदिन की बधाई के साथ अखिलेश यादव को “आरामतलबी और एसी-पीसी की राजनीति छोड़कर गांव-देहात की जमीन पर उतरने” की नसीहत देते हुए तीखा राजनीतिक हमला भी बोला।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा कि “उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई। प्रभु श्रीराम से आपके लिए आरोग्यता और दीर्घायु की प्रार्थना है।” मुख्यमंत्री के इस संदेश को राजनीतिक मतभेदों के बीच लोकतांत्रिक मर्यादा का उदाहरण माना जा रहा है।
दूसरी ओर, कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने लंबा संदेश जारी करते हुए अखिलेश यादव को जन्मदिन की शुभकामनाएं तो दीं, लेकिन साथ ही उन्हें “बेशकीमती सलाह” भी दी। उन्होंने कहा कि अखिलेश को आलस्य और आरामतलबी छोड़कर गांवों की पगडंडियों पर निकलना चाहिए, किसानों, दलितों, पिछड़ों और गरीबों के बीच जाकर उनकी समस्याओं को समझना चाहिए। राजभर ने तंज कसते हुए कहा कि केवल एसी कमरों में बैठकर सोशल मीडिया पर खेत-खलिहान देखने से राजनीति नहीं सीखी जा सकती, बल्कि जमीन पर उतरकर जनता के बीच रहना पड़ता है।
उधर, समाजवादी पार्टी ने प्रदेशभर में अखिलेश यादव का 53वां जन्मदिन सेवा और जनसंपर्क कार्यक्रमों के साथ मनाया। विभिन्न जिलों में केक काटने, पौधरोपण, रक्तदान शिविर, हवन-पूजन और गरीबों को भोजन वितरण जैसे कार्यक्रम आयोजित किए गए। पार्टी कार्यकर्ताओं ने इसे “जनसेवा दिवस” के रूप में मनाते हुए आगामी 2027 के विधानसभा चुनावों के लिए संगठन को मजबूत करने का संकल्प भी लिया।


