33.7 C
Lucknow
Wednesday, July 1, 2026

रेलवे स्टेशन परिसर से हटाई गई मजार

Must read

 

 

फर्रुखाबाद। फर्रुखाबाद रेलवे स्टेशन के मालगोदाम परिसर में रेलवे प्लेटफार्म के समीप स्थित एक मजार को बुधवार को रेलवे प्रशासन ने हटवा दिया। यह कार्रवाई अमृत स्टेशन योजना के तहत स्टेशन के सुंदरीकरण, आधुनिकीकरण और यात्री सुविधाओं के विस्तार के लिए चल रहे विकास कार्य के दौरान की गई। रेलवे अधिकारियों की मौजूदगी में कर्मचारियों और मजदूरों ने जेसीबी व अन्य संसाधनों की सहायता से निर्माण को ध्वस्त कर दिया। पूरे अभियान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) तथा अन्य पुलिस बल तैनात रहा और कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार संबंधित स्थल रेलवे की भूमि पर स्थित था और प्लेटफार्म क्षेत्र के सौंदर्यीकरण, आवागमन को सुगम बनाने तथा अन्य निर्माण कार्यों में यह बाधा बन रहा था। इसी कारण नियमानुसार इसे हटाया गया। रेलवे प्रशासन का कहना है कि अमृत स्टेशन योजना के अंतर्गत फर्रुखाबाद रेलवे स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जा रहा है और रेलवे भूमि पर बने अवैध निर्माणों के खिलाफ आगे भी नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।

गौरतलब है कि इस मजार को हटाने की मांग लंबे समय से उठ रही थी। हिंदू युवा वाहिनी के पदाधिकारियों ने कई बार जिलाधिकारी एवं मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपकर रेलवे भूमि से अवैध निर्माण हटाने की मांग की थी। वहीं, बीते दिन फर्रुखाबाद के सांसद मुकेश राजपूत ने भी रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया था, जिसके बाद इस कार्रवाई को लेकर चर्चाएं तेज हो गई थीं।

हालांकि, मजार हटाने की कार्रवाई का कुछ लोगों ने विरोध भी किया, लेकिन प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था के बीच अभियान को बिना किसी अप्रिय घटना के पूरा करा लिया। रेलवे प्रशासन का कहना है कि विकास कार्यों में बाधा बनने वाले सभी अवैध निर्माणों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी, ताकि अमृत स्टेशन योजना के तहत निर्धारित कार्य समय पर पूरे किए जा सकें।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article