नई दिल्ली। नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रीय डॉक्टर्स डे के अवसर पर सोशल मीडिया मंच एक्स पर देशभर के डॉक्टरों को शुभकामनाएं देते हुए उनके समर्पण और सेवा भावना की सराहना की।
प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि देश के सभी समर्पित डॉक्टरों को डॉक्टर्स डे की हार्दिक शुभकामनाएं। उन्होंने कहा कि डॉक्टरों की प्रतिबद्धता, सेवा भावना और अथक मेहनत ही भारत की स्वास्थ्य सेवा प्रणाली की रीढ़ है। उन्होंने कहा कि चिकित्सकों ने अपनी निरंतर कोशिशों और समर्पण से करोड़ों लोगों का विश्वास जीता है।
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संदेश में यह भी उल्लेख किया कि पिछले वर्षों में भारत ने अपने स्वास्थ्य ढांचे को लगातार मजबूत किया है। उन्होंने कहा कि देश में मेडिकल शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया गया है तथा मेडिकल कॉलेजों की संख्या दोगुनी से भी अधिक हो चुकी है, जिससे भविष्य में स्वास्थ्य सेवाएं और अधिक सुलभ एवं सशक्त होंगी।
प्रधानमंत्री ने सभी चिकित्सकों के उत्तम स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि देश की सेवा में उनका योगदान सदैव प्रेरणादायी रहेगा।


