एनएच -19 पर भीषण सड़क हादसा
– डबल डेकर बस में ट्रक की टक्कर; छह से अधिक घायल
इटावा। बुधवार को राष्ट्रीय राजमार्ग-19 (NH-19) पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार ट्रक ने एक डबल डेकर बस को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
हादसे में छह से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बस से बाहर निकालकर नजदीकी अस्पताल भिजवाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
घटना के कारण कुछ समय के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात को सामान्य कराया। मामले में मुकदमा दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।


