33.4 C
Lucknow
Tuesday, June 30, 2026

युवक की मौत पर बवाल, शव रख हाईवे जाम; पथराव में कई पुलिसकर्मी घायल

Must read

 

रायबरेली। जिले के सलोन क्षेत्र में सड़क हादसे में युवक की मौत के बाद मंगलवार को हालात अचानक बिगड़ गए। मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने चारपाई पर शव रखकर रायबरेली-जौनपुर हाईवे जाम कर दिया और आरोपियों की गिरफ्तारी व आर्थिक सहायता की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शन के दौरान भीड़ में शामिल कुछ अराजक तत्वों ने पुलिस और राहगीरों पर पथराव कर दिया, जिससे अफरा-तफरी मच गई। पथराव में पुलिस के वाहन क्षतिग्रस्त हुए और कई पुलिसकर्मियों को चोटें आईं। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कई थानों की पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे।

जानकारी के अनुसार, सलोन कोतवाली क्षेत्र के खम्हरिया पूरे कुशल गांव निवासी 35 वर्षीय मेवालाल सरोज 28 जून को साइकिल से घर लौट रहे थे। आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते गांव के कुछ लोगों ने जानबूझकर मोटरसाइकिल से उन्हें टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। लखनऊ ट्रॉमा सेंटर में उपचार के दौरान 29 जून को उनकी मौत हो गई। पुलिस ने मृतक की पत्नी की तहरीर पर तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने शव को चारपाई पर रखकर हाईवे जाम कर दिया। अधिकारियों द्वारा वार्ता के दौरान भीड़ में मौजूद कुछ लोगों ने अचानक पथराव शुरू कर दिया, जिससे पुलिस को पीछे हटना पड़ा। पुलिस वाहन और चौकी प्रभारी की निजी कार भी क्षतिग्रस्त हो गई। करीब साढ़े चार घंटे तक चले हंगामे के बाद अपर पुलिस अधीक्षक और एसडीएम ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी, सरकारी सहायता और अन्य मांगों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद जाम समाप्त हुआ और यातायात बहाल कराया गया।

पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने बताया कि पूरे घटनाक्रम की जांच कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article