कई जिलों में 7 डिग्री तक लुढ़का पारा
लखनऊ।प्रदेश में आखिरकार मानसून ने दस्तक दे दी है। मंगलवार को प्रदेश के कई हिस्सों में झमाझम बारिश हुई, जिससे भीषण गर्मी और उमस से जूझ रहे लोगों को बड़ी राहत मिली। तराई और पूर्वी उत्तर प्रदेश के जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई, जबकि कई स्थानों पर तापमान 5 से 7 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो से तीन दिनों में मानसून पूरे प्रदेश में सक्रिय हो जाएगा, जिससे व्यापक वर्षा होगी और खरीफ फसलों की बुआई को भी रफ्तार मिलेगी।
मौसम विभाग के अनुसार, बरेली में सर्वाधिक 157 मिमी और ललितपुर में 106 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा लखीमपुर खीरी, अयोध्या, गोंडा और अंबेडकरनगर समेत कई जिलों में अच्छी वर्षा हुई।
जून माह के आंकड़ों के अनुसार पूरे उत्तर प्रदेश में सामान्य से 54 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई। पूर्वी उत्तर प्रदेश में 58 प्रतिशत और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 47 प्रतिशत कम बारिश हुई। प्रदेश के अयोध्या, आजमगढ़, बहराइच, बलिया, बलरामपुर, बस्ती, फर्रुखाबाद, गाजीपुर, गोरखपुर, हरदोई, कानपुर नगर, लखीमपुर खीरी, रायबरेली, संतकबीरनगर, श्रावस्ती, सुल्तानपुर, औरैया, बदायूं, बागपत, बरेली, इटावा, हमीरपुर, हापुड़, कासगंज, ललितपुर, मेरठ, मुरादाबाद और रामपुर में सामान्य से 20 से 59 प्रतिशत तक कम बारिश दर्ज की गई।
वहीं अंबेडकरनगर, अमेठी, बांदा, बाराबंकी, भदोही, चंदौली, चित्रकूट, देवरिया, फतेहपुर, जौनपुर, कानपुर देहात, कुशीनगर, लखनऊ, मऊ, मिर्जापुर, प्रतापगढ़, प्रयागराज, सिद्धार्थनगर, सीतापुर, सोनभद्र, उन्नाव, वाराणसी, अलीगढ़, अमरोहा, बिजनौर, गौतमबुद्धनगर, गाजियाबाद, जालौन, झांसी, महोबा, मैनपुरी, पीलीभीत, सहारनपुर, शाहजहांपुर और शामली में सामान्य से 60 से 99 प्रतिशत तक कम वर्षा दर्ज की गई, जिससे कई इलाकों में सूखे जैसे हालात बनने लगे थे।
मौसम विभाग ने आगामी दिनों में प्रदेश के अधिकांश जिलों में गरज-चमक, तेज हवाओं और बारिश की संभावना जताई है। विशेषज्ञों का मानना है कि मानसून की सक्रियता से जलस्तर में सुधार होगा, किसानों को राहत मिलेगी और पूरे प्रदेश को भीषण गर्मी से निजात मिलने की उम्मीद है।


