मथुरा। यमुना एक्सप्रेसवे पर मंगलवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे ने कई परिवारों की खुशियां पलभर में छीन लीं। लखनऊ से दिल्ली जा रही वॉल्वो बस राया थाना क्षेत्र में सुबह करीब 3:30 बजे आगे चल रहे ट्रेलर से पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी भयावह थी कि बस का अगला हिस्सा ट्रेलर में करीब आठ फीट तक घुस गया। हादसे के बाद चीख-पुकार, मदद की गुहार और अपनों को तलाशते यात्रियों का मंजर हर किसी को झकझोर देने वाला था। इस दर्दनाक दुर्घटना में बस चालक समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 27 यात्री घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि कई यात्री सीटों के बीच फंस गए और एक युवक का शव बस की खिड़की से लटक गया। आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस के साथ मिलकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। बस की खिड़कियां और गेट तोड़कर यात्रियों को बाहर निकाला गया, जबकि कई लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए गैस कटर से बस के अगले हिस्से को काटना पड़ा। करीब दो घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद सभी यात्रियों को बाहर निकाला जा सका।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने बताया कि हादसे में बस चालक उपदेश यादव, परिचालक (कंडक्टर), क्लीनर और एक यात्री की मौत हो गई। मृतकों में तीन की पहचान समाचार लिखे जाने तक नहीं हो सकी थी। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। बस में कुल 65 यात्री सवार थे। इनमें 34 यात्रियों को सुरक्षित दूसरी बसों से उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।
दुर्घटना के समय अधिकांश यात्री गहरी नींद में थे। किसी को अंदाजा भी नहीं था कि कुछ ही सेकंड में उनकी यात्रा एक भयावह हादसे में बदल जाएगी। पलभर में खुशी और सुकून का सफर मातम में बदल गया। हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक आशंका है कि तेज रफ्तार या चालक को झपकी आने के कारण बस ट्रेलर से टकरा गई।


