यूथ इंडिया, फर्रुखाबाद। राजकीय पॉलिटेक्निक भोलेपुर में रविवार को टेक्सटाइल क्षेत्र की प्रतिष्ठित कंपनी ओएफबी टेक लिमिटेड (सैवाना गारमेंट्स), फरीदाबाद (हरियाणा) ने कैंपस प्लेसमेंट आयोजित किया। चयन प्रक्रिया में लिखित परीक्षा एवं साक्षात्कार के बाद संस्थान के 10 छात्र-छात्राओं का चयन किया गया। चयनित अभ्यर्थियों को प्रशिक्षण अवधि के दौरान 20 हजार रुपये प्रतिमाह का मानदेय मिलेगा।
कंपनी के अधिकारियों का संस्थान पहुंचने पर प्रधानाचार्या श्रीमती शालिनी पांडेय ने स्वागत किया। कैंपस प्लेसमेंट के दौरान छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
संस्थान के ट्रेनिंग एवं प्लेसमेंट अधिकारी अजय कुमार ने बताया कि टेक्सटाइल शाखा के इतिहास में यह पहला अवसर है, जब किसी बड़ी कंपनी ने सीधे राजकीय पॉलिटेक्निक भोलेपुर पहुंचकर कैंपस प्लेसमेंट आयोजित किया। इससे पहले टेक्सटाइल शाखा के छात्र-छात्राओं को रोजगार के लिए कैंपस प्लेसमेंट में भाग लेने हेतु कानपुर जाना पड़ता था।
उन्होंने कहा कि संस्थान में सीधे कैंपस प्लेसमेंट होने से विद्यार्थियों को बेहतर रोजगार के अवसर स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होंगे। इससे अन्य कंपनियों के भी भविष्य में संस्थान में प्लेसमेंट के लिए आने की संभावनाएं बढ़ेंगी तथा छात्रों को तकनीकी शिक्षा के साथ बेहतर करियर का मार्ग भी प्रशस्त होगा।


