41.3 C
Lucknow
Monday, June 29, 2026

रक्तवीरों को राजधानी में मिला राष्ट्रीय सम्मान, संवेदना-2 अभियान के आयोजक हुए सम्मानित

Must read

 

फर्रुखाबाद। रक्तदान के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले जिले के रक्तवीरों और सामाजिक कार्यकर्ताओं को राजधानी लखनऊ में आयोजित नेशनल सोशल इंपैक्ट अवार्ड समारोह में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया। नेशनल इंटीग्रेटेड फोरम ऑफ एक्टिविस्ट्स (निफा) उत्तर प्रदेश द्वारा बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय के अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में आयोजित संवेदना-2 सम्मान समारोह में रक्तदान जागरूकता और मानव सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले कार्यकर्ताओं को नेशनल सोशल इंपैक्ट अवार्ड तथा वर्ल्ड रिकॉर्ड ऑफ एक्सीलेंस, इंग्लैंड सम्मान से नवाजा गया।

समारोह में उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबिता सिंह चौहान, उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम के राज्य मंत्री नटवर गोयल, विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राजकुमार मित्तल, वर्ल्ड रिकॉर्ड ऑफ एक्सीलेंस इंग्लैंड के वाइस चेयरमैन संजय पांजवानी, निफा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अश्विनी शेट्टी, अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप बंसल, स्माइल मैन सर्वेश अस्थाना तथा सोटो के संयुक्त निदेशक डॉ. हर्षवर्धन द्विवेदी सहित अनेक गणमान्य अतिथियों ने रक्तदान और अंगदान के क्षेत्र में कार्य कर रहे स्वयंसेवकों को सम्मानित किया।कार्यक्रम में निफा उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप कुमार दूबे तथा संवेदना-2 अभियान के स्टेट प्रोजेक्ट डायरेक्टर इंजीनियर राजीव गोयल को वर्ल्ड रिकॉर्ड ऑफ एक्सीलेंस, इंग्लैंड की ओर से विशेष सम्मान प्रदान किया गया। अतिथियों ने रक्तदान को जनआंदोलन बनाने की आवश्यकता पर बल देते हुए समाज के अधिक से अधिक लोगों को इस पुनीत कार्य से जुड़ने का आह्वान किया।संवेदना-2 अभियान के नेशनल प्रोजेक्ट डायरेक्टर दिलीप कुमार दूबे ने अतिथियों का स्वागत करते हुए अभियान की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला, जबकि डॉ. अश्विनी शेट्टी ने निफा द्वारा संचालित रक्तदान एवं सामाजिक सेवा गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम के सफल आयोजन में माधव श्याम त्रिपाठी, डॉ. अंजू सिंह, परमजीत सिंह जग्गी, आलोक अग्रवाल, इंजीनियर राजीव गोयल, सचिन श्रीवास्तव, अमित गुप्ता सहित निफा परिवार के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का विशेष योगदान रहा। अंत में स्टेट प्रोजेक्ट डायरेक्टर इंजीनियर राजीव गोयल ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article