लखनऊ। बिजनौर क्षेत्र में जिला प्रशासन ने सरकारी भूमि पर हुए अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 13 करोड़ रुपये मूल्य की 1.360 हेक्टेयर सरकारी जमीन को कब्जामुक्त करा लिया।
प्रशासन की कार्रवाई के दौरान गाटा संख्या 315, 401, 406, 490 और 378 पर किए गए अवैध कब्जों को हटाया गया। मौके पर जेसीबी मशीनों की मदद से अवैध बाउंड्री वॉल, प्लॉटिंग और अन्य निर्माण ध्वस्त कर दिए गए।
कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल और Provincial Armed Constabulary (PAC) तैनात रही। पुलिस की मौजूदगी में पूरे अभियान को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया गया।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में आगे भी अभियान जारी रहेगा और सरकारी संपत्तियों को अतिक्रमण से मुक्त कराने के लिए सख्त कार्रवाई की जाएगी।


