फर्रुखाबाद। राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र साहबगंज में रविवार को पल्स पोलियो दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित पोलियो ड्रॉप शिविर का शुभारंभ नगर व्यापार मंडल (मिश्रा गुट) के नगर महामंत्री राकेश कुमार सक्सेना ने नौनिहाल बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाकर किया।
कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं, ताकि देश को पोलियो मुक्त बनाए रखने का संकल्प मजबूत हो सके। उन्होंने कहा कि पोलियो से बचाव का एकमात्र प्रभावी उपाय समय-समय पर बच्चों को पोलियो ड्रॉप पिलाना है।
शिविर में बड़ी संख्या में अभिभावक अपने बच्चों को लेकर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और उन्हें पोलियो की दवा पिलाकर अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाई। स्वास्थ्य केंद्र परिसर में पूरे दिन बच्चों को पोलियो ड्रॉप पिलाने का क्रम चलता रहा।
कार्यक्रम में डॉ. अंजलु गोस्वामी, अंगूरी बाग के अध्यक्ष महेंद्र श्रीवास्तव, अमित कुमार, विद्यानंद आर्य, अरुण कुमार अग्निहोत्री, गोपाल चंद्र सक्सेना सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित रहे। सभी ने लोगों से अपील की कि कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे और प्रत्येक परिवार इस जनस्वास्थ्य अभियान को सफल बनाने में सहयोग करे।
साहबगंज स्वास्थ्य केंद्र पर नौनिहालों को पिलाई गई जीवनरक्षक दवा


