नवाबगंज (फर्रुखाबाद)। नवाबगंज नगर में ई-रिक्शा से सफर कर रही एक महिला के गले से ढाई तोला सोने की चेन पार करने का मामला सामने आया है। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
जानकारी के अनुसार, नगर की गायत्री गली निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक ब्रह्मजीत सिंह की पत्नी सुषमा शुक्रवार शाम करीब 5 बजे अपनी विवाहित पुत्री स्नेह के साथ घर से मोहल्ला डभोआ जाने के लिए निकली थीं। दोनों नवाबगंज चौराहे से एक ई-रिक्शा में सवार हुईं। इसी दौरान तीन महिलाएं भी उसी ई-रिक्शा में आकर बैठ गईं।
पीड़िता के अनुसार, चौराहे से कुछ दूरी पर पहुंचने के बाद सामने बैठी एक महिला ने उनके पैरों पर अपना पैर रखकर ध्यान भटकाना शुरू कर दिया। इसी बीच दूसरी महिला ने उनके गले से करीब ढाई तोला सोने की चेन चोरी कर ली। कुछ देर बाद तीनों महिलाएं जाफर नगर मोड़ पर ई-रिक्शा से उतरकर फरार हो गईं।
पेट्रोल पंप के पास पहुंचने पर सुषमा को गले से चेन गायब होने का एहसास हुआ। उन्होंने तत्काल यूपी-112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। मौके पर थाना प्रभारी राजीव कुमार पुलिस टीम के साथ पहुंचे और घटना की जानकारी लेकर आरोपित महिलाओं की तलाश शुरू कराई।
पुलिस ने नवाबगंज चौराहे के पास स्थित सभासद के पति राहुल यादव की दुकान सहित आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि फुटेज के आधार पर महिलाओं की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।


