अयोध्या। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को अयोध्या पहुंचकर श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में रामलला के दर्शन और विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया। इस दौरान उनके साथ आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं राज्यसभा सांसद संजय सिंह भी मौजूद रहे।
मंदिर पहुंचने पर ट्रस्ट के प्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। दर्शन-पूजन के दौरान केजरीवाल ने रामलला के समक्ष देश की सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण की कामना की। मंदिर परिसर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे।
अरविंद केजरीवाल का यह दौरा ऐसे समय में हुआ है जब राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज हैं। हालांकि, मंदिर दर्शन को लेकर उनकी ओर से तत्काल कोई औपचारिक राजनीतिक टिप्पणी सामने नहीं आई।
दर्शन के बाद दोनों नेताओं ने मंदिर परिसर का भी अवलोकन किया। बड़ी संख्या में श्रद्धालु भी उस समय मंदिर में मौजूद रहे। केजरीवाल के दौरे को लेकर आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं में भी उत्साह देखने को मिला।
अयोध्या में रामलला के दर्शन के बाद उनके अन्य निर्धारित कार्यक्रमों को लेकर भी राजनीतिक हलकों की नजर बनी हुई है।


