नई दिल्ली। राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने आतंकी साजिश से जुड़े एक महत्वपूर्ण मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए 11 आरोपियों के खिलाफ विशेष अदालत में चार्जशीट दाखिल की है। जांच एजेंसी के अनुसार, सभी आरोपी प्रतिबंधित आतंकी संगठन ‘जमात-उल-मुजाहिदीन बांग्लादेश ‘ से जुड़ी सहयोगी शाखा IMK के नेटवर्क का हिस्सा थे।
एनआईए के मुताबिक, आरोपियों पर पूर्वोत्तर राज्यों और पश्चिम बंगाल में कट्टरपंथी विचारधारा फैलाने, नए युवाओं की भर्ती करने और आतंकी नेटवर्क को मजबूत करने की साजिश रचने का आरोप है। जांच में यह भी सामने आया कि संगठन गुप्त बैठकों, प्रचार सामग्री और अन्य माध्यमों से अपने नेटवर्क का विस्तार करने की कोशिश कर रहा था।
चार्जशीट में आरोपियों पर आतंकी गतिविधियों की साजिश, गैरकानूनी संगठन से संबंध रखने, युवाओं को कट्टरपंथ की ओर प्रेरित करने और आतंकी नेटवर्क के विस्तार से जुड़े गंभीर आरोप लगाए गए हैं। मामले की जांच अभी भी जारी है और एनआईए अन्य संदिग्धों की भूमिका की भी पड़ताल कर रही है।
एनआईए ने कहा है कि देश की सुरक्षा के खिलाफ किसी भी आतंकी साजिश को विफल करने और ऐसे नेटवर्क को पूरी तरह खत्म करने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।


