मोहम्मदाबाद: मोहम्मदाबाद क्षेत्र में इटावा बरेली हाईवे पर स्थित सुमंगलम कोल्ड में ड्यूटी पर जा रहे एक वृद्ध की सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई। राहगीरों की सूचना पर डायल-112 और थाना पुलिस मौके पर पहुंची। बाइक के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर परिजनों को घटना की जानकारी दी गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जहानगंज थाना क्षेत्र के ग्राम हिसामपुर निवासी स्वर्गीय रामपाल के 56 वर्षीय पुत्र महेंद्र सिंह बुधवार रात लगभग 9 बजे घर से भोजन करने के बाद सुमंगलम कोल्ड स्टोर में ड्यूटी के लिए निकले थे। गैस प्लांट के पीछे मुड़गांव मार्ग पर उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने गड्ढे में जा गिरी। हादसे में उनके मुंह पर गंभीर चोट लगी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
राहगीरों ने घटना की सूचना डायल-112 को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बाइक के नंबर के आधार पर रजिस्ट्रेशन विवरण निकाला और दर्ज मोबाइल नंबर पर संपर्क कर बड़े पुत्र रिंकू को हादसे की जानकारी दी।
बताया गया है कि महेंद्र सिंह तीन भाइयों में सबसे बड़े थे। उनके निधन से परिवार में कोहराम मच गया। वह अपने पीछे पत्नी शशिपाल, माता प्रेमा देवी, पुत्र रिंकू (26 वर्ष), जीतू (20 वर्ष) तथा पुत्री मानवी (23 वर्ष) को छोड़ गए हैं।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक मदन मोहन चतुर्वेदी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उपनिरीक्षक अखिलेश कुमार ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटना संबंधी आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
ड्यूटी पर जा रहे वृद्ध की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत, बाइक नंबर से हुई पहचान


