नई दिल्ली। डिजिटल गिरफ्तारी (डिजिटल अरेस्ट) और साइबर ठगी से जुड़े मामलों में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई ) ने देशभर में बड़ा अभियान चलाते हुए 16 राज्यों के 80 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की है। इस कार्रवाई के लिए सीबीआई की लगभग 60 विशेष टीमों को लगाया गया है, जो विभिन्न राज्यों में एक साथ तलाशी अभियान चला रही हैं।
सीबीआई की यह कार्रवाई डिजिटल गिरफ्तारी, ऑनलाइन धोखाधड़ी और संगठित साइबर अपराध से जुड़े नेटवर्क को ध्वस्त करने के उद्देश्य से की जा रही है। शुरुआती कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें एक आरोपी को कोलकाता और दूसरे को चेन्नई से गिरफ्तार किए जाने की जानकारी सामने आई है।
छापेमारी का दायरा गुजरात, पंजाब, उत्तर प्रदेश, दिल्ली-एनसीआर सहित देश के 16 राज्यों तक फैला हुआ है। जांच एजेंसी विभिन्न ठिकानों से डिजिटल उपकरण, वित्तीय दस्तावेज, बैंकिंग रिकॉर्ड और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य जुटा रही है, ताकि पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।
सीबीआई अधिकारियों के अनुसार अभियान अभी जारी है और जांच के आधार पर आगे और गिरफ्तारियां तथा अन्य कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। एजेंसी का उद्देश्य साइबर अपराधियों के संगठित गिरोहों पर प्रभावी कार्रवाई कर आम लोगों को डिजिटल ठगी और फर्जी गिरफ्तारी जैसे अपराधों से बचाना है।


