39.2 C
Lucknow
Wednesday, June 24, 2026

जनपद में अपराधियों पर शिकंजा, एक दिन में 21 मुकदमे दर्ज

Must read

– पॉक्सो, दहेज हत्या और अवैध हथियार के मामले प्रमुख

फर्रुखाबाद । जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में 24 जून को अपराध और कानून व्यवस्था से जुड़े गंभीर मामलों में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 21 मुकदमे दर्ज किए हैं। इनमें पॉक्सो एक्ट, छेड़छाड़, दहेज हत्या, अपहरण, मारपीट, अवैध असलहा, जुआ, सट्टा और सड़क दुर्घटना में मौत जैसे मामले शामिल हैं।

सबसे गंभीर मामला थाना नवाबगंज क्षेत्र में दर्ज हुआ, जहां एक नाबालिग किशोरी से छेड़छाड़, दांतों से काटकर घायल करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में तीन लोगों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित मुकदमा दर्ज किया गया है।

कायमगंज थाना क्षेत्र में न्यायालय के आदेश पर दहेज प्रताड़ना और जहरीला पदार्थ खिलाकर युवती की हत्या करने के आरोप में सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। यह मामला जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है।

मोहम्मदाबाद थाना क्षेत्र में एक युवती को बहला-फुसलाकर भगाने का मामला दर्ज हुआ है, जबकि दूसरे मामले में रुपये वापस मांगने पर मारपीट और धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया।

कादरीगेट पुलिस ने एक व्यक्ति को अवैध 315 बोर तमंचा और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार कर आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की है।

कमालगंज थाना क्षेत्र में सड़क दुर्घटना के एक मामले में अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोप है कि ट्रैक्टर की टक्कर से गंभीर रूप से घायल मोटरसाइकिल सवार की उपचार के दौरान मौत हो गई।

मेरापुर क्षेत्र में भैंस चोरी का मामला दर्ज किया गया है, जबकि शमसाबाद में घर में घुसकर मारपीट, तोड़फोड़ और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।

अमृतपुर और कम्पिल थाना पुलिस ने अवैध शराब, जुआ और सट्टा के खिलाफ कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर संबंधित धाराओं में मुकदमे दर्ज किए हैं।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार सबसे अधिक मामले मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी से जुड़े सामने आए हैं। नवाबगंज, कमालगंज, राजेपुर, मऊदरवाजा और अन्य थानों में ऐसे कई मुकदमे दर्ज किए गए हैं।

जनपद पुलिस का कहना है कि सभी मामलों में विवेचना शुरू कर दी गई है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article