इंदौर: मध्यप्रदेश के इंदौर (Indore) शहर के जूनी इंदौर थाना क्षेत्र में मोबाइल शोरूम (Mobile Showroom) में चोरी की वारदात को पुलिस ने महज डेढ़ घंटे के भीतर सुलझाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए चार कीमती मोबाइल फोन और ताले तोड़ने में इस्तेमाल किया गया औजार बरामद किया है। आरोपी ने अपनी गर्लफ्रेंड को मोबाइल गिफ्ट करने के लिए चोरी की योजना बनाई थी।
जानकारी के अनुसार खातीवाला टैंक निवासी अशोक भाटिया की स्नेह नगर मुख्य मार्ग स्थित मोबाइल शोरूम में मंगलवार सुबह करीब 5 बजे चोरी की वारदात हुई थी। आरोपी ने दुकान के शटर का ताला तोड़कर मोबाइल फोन चोरी कर लिए थे। घटना की सूचना मिलते ही जूनी इंदौर, भंवरकुआं और रावजी बाजार थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से घेराबंदी कर कार्रवाई शुरू की।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से घटना के करीब डेढ़ घंटे के भीतर 21 वर्षीय पवन पटेल को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मूल रूप से खंडवा का रहने वाला है। उसके बैग से चोरी किए गए चार मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। साथ ही चोरी में इस्तेमाल किया गया औजार भी जब्त कर लिया गया है।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने अपनी गर्लफ्रेंड को मोबाइल गिफ्ट करने के लिए चोरी की योजना बनाई थी। इसी उद्देश्य से उसने मोबाइल शोरूम को निशाना बनाया। फिलहाल पुलिस आरोपी से अन्य चोरी की घटनाओं के संबंध में भी पूछताछ कर रही है। जूनी इंदौर थाना प्रभारी अनिल गुप्ता ने बताया कि पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते आरोपी को कम समय में गिरफ्तार कर चोरी का माल बरामद कर लिया गया। मामले की जांच जारी है।


