पटना,भोजपुर। चर्चित भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में महापंचायत से ठीक पहले प्रशासन ने बड़ा कदम उठाते हुए जगदीशपुर के एसडीपीओ को उनके पद से हटा दिया है। यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है जब मामले को लेकर क्षेत्र में लगातार चर्चा और विरोध के स्वर उठ रहे हैं।
इससे एक दिन पहले भरत तिवारी की मां की शिकायत के आधार पर एसडीपीओ, तत्कालीन थानाध्यक्ष और कई अन्य पुलिसकर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। शिकायत में एनकाउंटर की परिस्थितियों पर गंभीर सवाल उठाए गए हैं और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की गई है।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार मामले की न्यायिक जांच पहले से जारी है। जांच के दौरान एनकाउंटर से जुड़े सभी पहलुओं, पुलिस कार्रवाई और उपलब्ध साक्ष्यों की पड़ताल की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
उधर, भरत तिवारी एनकाउंटर को लेकर स्थानीय लोगों, सामाजिक संगठनों और कई जनप्रतिनिधियों ने भी सवाल उठाए हैं। महापंचायत की घोषणा के बाद मामले ने और अधिक राजनीतिक एवं सामाजिक महत्व हासिल कर लिया है। क्षेत्र में बड़ी संख्या में लोग निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
प्रशासन ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरतनी शुरू कर दी है। महापंचायत को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जा रही है ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से बचा जा सके।


