– सोने-चांदी के सिक्कों को लेकर मचा हड़कंप
मैनपुरी। करहल थाना क्षेत्र के नगला काकन गांव में एक पुराने मकान को तोड़ने के दौरान सिक्कों से भरा घड़ा मिलने की सूचना से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और देखते ही देखते अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मकान मालिक का दावा है कि खुदाई के दौरान एक घड़ा मिला, जिसमें सोने और चांदी के पुराने सिक्के रखे हुए थे। युवक के अनुसार उसकी दादी ने अपनी मृत्यु से पहले कुछ कीमती सामान सुरक्षित स्थान पर रखने की बात कही थी। मकान तोड़ने के दौरान जब खुदाई की गई तो वहां से सिक्कों से भरा घड़ा निकल आया।
युवक का आरोप है कि घड़े से करीब 20 सोने और 150 चांदी के सिक्के निकले थे, लेकिन इसकी जानकारी फैलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और सिक्कों को लूटकर ले गए। उसने सात लोगों पर सिक्के ले जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आरोपों की सत्यता, बरामदगी और कथित रूप से लूटे गए सिक्कों के संबंध में जानकारी जुटा रही है। वहीं सिक्कों के पुराने और संभावित ऐतिहासिक महत्व को देखते हुए पुरातत्व विभाग को भी सूचना दी गई है।
अधिकारियों का कहना है कि सिक्कों की वास्तविक संख्या, धातु और ऐतिहासिक महत्व की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।


