42.5 C
Lucknow
Wednesday, June 24, 2026

ट्रांसफार्मर में धमाके के बाद लगी भीषण आग, तीन दुकानें जलकर खाक, दर्जनभर बाइकें राख

Must read

फर्रुखाबाद। मऊदरवाजा थाना क्षेत्र में बुधवार तड़के ट्रांसफार्मर में हुए जोरदार विस्फोट के बाद भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और ट्रांसफार्मर के नीचे संचालित तीन दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटों में बाइक रिपेयरिंग की दुकान में खड़ी करीब एक दर्जन मोटरसाइकिलें जलकर राख हो गईं, जबकि दो सब्जी की दुकानों में रखा पूरा सामान भी नष्ट हो गया। सूचना पर पहुंची दमकल विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घटना में लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार मऊदरवाजा थाना क्षेत्र के ग्राम गढ़िया ढिलावल जाने वाले बघार तिराहे पर विद्युत विभाग का एक ट्रांसफार्मर लगा हुआ है। ट्रांसफार्मर के नीचे और आसपास स्थानीय लोगों द्वारा सब्जी एवं बाइक रिपेयरिंग की दुकानें संचालित की जाती हैं। बुधवार सुबह करीब पांच बजे नगला कलार निवासी संदीप कुमार पुत्र पुरुषोत्तम अपनी सब्जी की दुकान पर सामान निकालने पहुंचे थे। इसी दौरान अचानक ट्रांसफार्मर में तेज धमाके के साथ विस्फोट हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक विस्फोट इतना जबरदस्त था कि ट्रांसफार्मर का गर्म तेल चारों ओर फैल गया और उससे आग भड़क उठी। कुछ ही पलों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास मौजूद दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। सबसे पहले संदीप कुमार की सब्जी की दुकान धू-धू कर जलने लगी। इसके बाद सागर राजपूत पुत्र बांकेलाल की सब्जी की दुकान भी आग की लपटों में घिर गई। दोनों दुकानों में रखा सब्जियों का स्टॉक, तख्त, तराजू, प्लास्टिक की क्रेट और अन्य सामान जलकर पूरी तरह नष्ट हो गया।
आग की तेज लपटें यहीं नहीं रुकीं और पास में स्थित बाइक रिपेयरिंग की दुकान तक पहुंच गईं। देखते ही देखते दुकान में मरम्मत के लिए खड़ी करीब एक दर्जन मोटरसाइकिलें आग की चपेट में आ गईं। कुछ ही देर में सभी बाइकें जलकर कबाड़ में तब्दील हो गईं। आग की भयावहता को देखकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।
घटना की सूचना तत्काल दमकल विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से काफी देर तक चले राहत एवं बचाव कार्य के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक तीनों दुकानों में रखा अधिकांश सामान जलकर नष्ट हो चुका था।
पीड़ित दुकानदारों का कहना है कि आग की घटना से उन्हें लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। अचानक हुए हादसे से उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। स्थानीय लोगों ने विद्युत विभाग की लापरवाही पर भी सवाल उठाते हुए ट्रांसफार्मर की समय-समय पर जांच और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए जाने की मांग की है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article